कोरोना वायरस की दूसरी लहर की वजह से बीते दो सप्ताह से विभिन्न राज्यों से कोरोना संक्रमण में बढ़त की रिपोर्ट्स सामने आ रही हैं, लेकिन इस बीच महाराष्ट्र से सोमवार को दोहरी गुड न्यूज दी है। राज्य में कोरोना के नए मामलों में बड़ी गिरावट आई है। राजधानी मुंबई में भी संक्रमितों की संख्या काफी कम हो गई है। माना जा रहा है कि उद्धव सरकार द्वारा एक मई तक लागू किए गए "ब्रेक द चेन" का असर दिखाई देने लगा है। राज्य में पिछले 24 घंटों में कोरोना के सिर्फ 48,700 नए मामले सामने आए हैं, जबकि पिछले कई दिनों से यह संख्या रोजाना 60 हजार से ज्यादा जा रही थी। रविवार को मृतकों का आंकड़ा 800 के पार पहुंचने के एक दिन बाद सोमवार को मरने वालों की संख्या भी कम हो गई है। साथ ही मुंबई में भी बीते एक दिन में सिर्फ 3,876 नए केस सामने आए हैं।