10% से अधिक संक्रमण वाले जिलों में लगे दो महीनों का लॉकडाउन: डॉक्टर बलराम भार्गव


समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार एक इंटरव्यू के दौरान डॉक्टर बलराम भार्गव ने कहा जिन ज़िलों में संक्रमण की दर 10 फीसदी से अधिक है, उन ज़िलों में कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए अधिक पाबंदियां लगाने और 6 से 8 सप्ताह का लॉकडाउन लगाने की ज़रूरत है। फिलहाल देश में ऐसे 718 ज़िले हैं, जहां कोरोना टेस्ट में पॉज़िटिविटी दर 10 फीसदी से ज़्यादा दर्ज की गई है। इनमें दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरू जैसे बड़े शहर शामिल हैं।

 

डॉक्टर बलराम भार्गव की ये टिप्पणी किसी आला सरकारी अधिकारी की पहली ऐसी टिप्पणी है, जो कोरोना संकट के दौर से निकलने के लिए लॉकडाउन की मियाद बढ़ाने का समर्थन करती है। डॉक्टर भार्गव ने मोदी सरकार की आलोचना तो नहीं की, लेकिन उन्होंने कहा कि संकट को देखते हुए इस पर लगाम लगाने की कोशिश शुरू करने में देरी हुई।

 

उन्होंने कहा- "मुझे लगता है कि 10 फीसदी से अधिक पॉज़िटिविटी दर वाले ज़िलों में पाबंदी लगाने को लेकर देरी हुई, लेकिन बाद में लॉकडाउन लगाया गया।" राजधानी दिल्ली का ज़िक्र करते हुए डॉक्टर भार्गव ने कहा- "अगर दिल्ली में आज पाबंदियों में राहत दे दी गई तो यहां तबाही आ जाएगी।" दिल्ली में पॉज़िटिविटी दर 35 फीसदी तक पहुंच गई थी, लेकिन अब ये 17 फीसदी तक नीचे आ गई है। दिल्ली में कोविड से मरने वालों की संख्या 20 हज़ार पार हो चुकी है। पिछले केवल दो हफ़्तों में 5000 लोगों की मौत हुई है।


Post a Comment

Previous Post Next Post