वेब सीरीज की दुनिया की खूबसूरत मिश्रा फैमिली एक बार फिर से अपनी कहानी लेकर आई है। गुल्लक में मिडिल क्लास परिवार अपनी छोटी-छोटी बचत जोड़ता है, सोनी लाइव एप पर रिलीज हुई ‘गुल्लक 2’ भी मिडिल क्लास की ऐसी बचतों की कहानी है, जिसमें इमोशन है, ड्रामा है और ट्रेजेडी है।
‘गुल्लक 2’ की कहानी की शुरुआत होती है, अन्नू भइया (वैभव राज गुप्ता) और अमन भइया (हर्ष) के साथ जो अपने-अपने जीवन में कुछ अच्छा करने के लिए जूझ रहे हैं और पापा-मम्मी के आशीर्वाद से आगे बढ़ रहे हैं। अन्नू भइया अपने मोहल्ले के तीस मार खान हैं, जो अपने शहर के नेता को फ्री सेवा दे रहे हैं ताकि उन्हें गैस एजेंसी मिल जाए और उनका कैरियर सेट हो जाए। दूसरी तरफ अमन भइया इस बार बोर्ड की परीक्षाओं की तैयारियों में व्यस्त हैं क्योंकि उन्हें अपने ऊपर से भोंदू का ठप्पा हटाना है।
अन्नू और अमन की इन छोटी-छोटी महाभारतों के बीच अन्नू की मम्मी शांति मिश्रा (गीतांजलि कुलकर्णी) और घर के मुखिया मिश्रा जी (जमील खान) की नोक-झोंक हर रोज की बात है। इनकी लड़ाइयों में ब्रह्मज्ञान छुपा हुआ है, जो 5 एपिसोड की इस सीरीज में धीरे-धीरे दर्शकों को मिलता है।
