भारत ने 2020-21 में ऑक्सीजन का दोगुना निर्यात किया

भारत ने वित्त वर्ष 2020-21 के पहले दस महीनों में पिछले पूरे वित्त वर्ष की तुलना में विश्व भर के कई देशों को दोगुनी मात्रा में ऑक्सीजन बेची। बिजनेस टुडे के अनुसार, वाणिज्य मंत्रालय से मिले डेटा में यह बात सामने आई है। प्राप्त डेटा के अनुसार, अप्रैल 2020 से जनवरी 2021 के बीच भारत ने दुनियाभर में 9,301 मीट्रिक टन ऑक्सीजन निर्यात की, जिससे 8.9 करोड़ रुपये प्राप्त हुए। इसके विपरीत, इससे पहले वित्त वर्ष 2019-20 में देश ने केवल 4,514 मीट्रिक टन ऑक्सीजन निर्यात की थी, जिससे 5.5 करोड़ रुपये मिले थे। 


इस बीच ऑक्सीजन निर्यात के बारे में बिजनेस टुडे जैसी ही रिपोर्ट प्रकाशित करने के बाद वेबसाइट मनीकंट्रोल ने इसे डिलीट कर दिया। इसमें कहा गया था कि सरकार ने अप्रैल 2020 से फरवरी 2021 के बीच 9,884 मीट्रिक टन औद्योगिक ऑक्सीजन और 12 मीट्रिक टन मेडिकल ऑक्सीजन निर्यात की है। गौरतलब बात यह है कि डिलीट की गई रिपोर्ट में भारत की उत्पादन क्षमता का जिक्र पहले ही किया गया था। इसमें लिखा था, ‘पिछले हफ्ते… सरकार ने स्पष्टीकरण दिया कि भारत की ऑक्सीजन उत्पादन क्षमता 7,127 मीट्रिक टन/प्रतिदिन की है।’

 

जहां तक बात औद्योगिक और मेडिकल ऑक्सीजन के अंतर की है, वेबसाइट की रिपोर्ट में इस बारे में भी लिखा था कि ‘निर्यात लिक्विड ऑक्सीजन की शक्ल में हुआ, जिसे बाद में औद्योगिक और मेडिकल कामों में इस्तेमाल किया गया।’ डिलीट किए जाने से पहले इस रिपोर्ट को सोशल मीडिया पर बहुत से लोगों ने साझा किया था, जिनमें कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी समेत विपक्ष के कई नेता भी शामिल थे। मनीकंट्रोल नेटवर्क 18 समूह द्वारा संचालित वेबसाइट है, जिसका स्वामित्व मुकेश अंबानी रिलायंस इंडस्ट्रीज़ के पास है।

Post a Comment

Previous Post Next Post