हाल में कई बैंकों ने होम लोन सस्ता कर दिया है। बैंकों ने ब्याज दरों में कटौती की है। पहली बार 20 बैंक और एनबीएफसी 7 प्रतिशत से भी कम दर पर होम लोन ऑफर कर रहे हैं।
एसबीआई दे रहा है बड़ा ऑफर
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने सभी तरह के होम लोन पर प्रॉसेसिंग फीस को माफ कर दिया है। यह छूट 31 मार्च 2021 तक के लिए है। वहीं, इस समय एसबीआई 6.28 प्रतिशत सालाना की शुरुआती ब्याज दर पर होम लोन की पेशकश कर रहा है। वहीं एक और सरकारी बैंक बीओबी यानी बैंक ऑफ बड़ौदा ने रेपो लिंक्ड लेंडिंग रेट में 10 बेसिस प्वाइंट की कटौती का ऐलान किया है। इस कटौती के बाद होम लोन पर ब्याज दरें 6.75 प्रतिशत हो गयी हैं।
आईसीआईसीआई का होम लोन हुआ सस्ता
इस बैंक ने अपने होम लोन रेट में कटौती कर उसे 10 साल के निचले स्तर पर ला दिया है। आईसीआईसीआई ने अपने होम लोन पर ब्याज दर को घटाकर 6.70 प्रतिशत कर दिया है । इससे 75 लाख रुपये तक के होम लोन वाले ग्राहकों को इस किफायती दर का लाभ मिलेगा। 75 लाख रुपये से ऊपर के लोन के लिए बैंक ने 6.75 प्रतिशत की ब्याज दर निर्धारित की है। फिलहाल यह दर 31 मार्च तक के लिए ही है।
31 मार्च तक सस्ता होम लोन दे रहा है कोटक
कोटक महिंद्रा बैंक ने होम लोन ब्याज में 0.10 प्रतिशत की कटौती की है। इस कटौती के बाद ब्याज दर 6.65 प्रतिशत पर आ गई है। बैंक का दावा है कि वह ग्राहकों को बाजार में सबसे कम ब्याज पर होम लोन उपलब्ध कराएगा। बैंक ने कहा है कि विशेष पेशकश के तहत ग्राहक 31 मार्च तक 6.65 प्रतिशत पर लोन ले सकेंगे।
6.75 प्रतिशत है एचडीएफसी का रेट
एचडीएफसी बैंक ने अपने रिटेल प्राइम लेंडिंग रेट में 5 बेसिस प्वाइंट्स की कटौती की है। इसके बाद एचडीएफसी में होम लोन की दर न्यूनतम 6.75 प्रतिशत हो गई है। इस बदलाव का फायदा सभी वर्तमान एचडीएफसी रिटेल होम लोन ग्राहकों को भी मिलेगा।
