ड्रग तस्कर सम्राट पुलिस रिमांड में, पूछताछ में उगले कई राज, अभिनेता संजय दत्त समेत कई का लिया नाम

मुंबई से गिरफ्तार किये गए ड्रग तस्कर सम्राट उर्फ सार्थक याग्निक को पुलिस ने 8 मार्च तक के लिए रिमांड में लिया है। पुलिस की पूछताछ में कई चैंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। आरोपी ड्रग तस्कर का बॉलीवुड से गहरा नाता रहा है। पूछताछ में सम्राट ने पुलिस को बताया कि वह मशहूर फिल्म अभिनेता संजय दत्त के साथ कई पार्टियां अटेंड कर चुका है, इन पार्टियों में उसने संजय दत्त के साथ भी ड्रग्स ली है। कई अभिनेताओं और गायकों के साथ उसकी तस्वीरें भी सामने आई हैं।

सार्थक याग्निक ने पुलिस को बताया कि वह ड्रग्स बेचने का काम नहीं करता, लेकिन ड्रग्स जरूर लेता है, उसका ड्राइवर राज ही उसे ड्रग्स लाकर दिया करता था। इवेंट का काम करने के कारण कई फिल्मी सितारों से उसके संबंध थे। जिनकी मदद से उसने नेताओं और अधिकारियों से भी अच्छे संबंध बना लिए थे। इन संबंधों के आधार पर वह उनके लिए दलाली भी किया करता था।

सार्थक याग्निक ने यह भी बताया कि लॉकडाउन के समय उसने कई लोगों की मदद की थी। उसका एक फोटो भी सामने आया है, जिसमें महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोशियारी द्वारा कोरोना वॉरियर्स का सम्मान किया गया है, उसमें फिल्म अभिनेता सुनील शेट्टी के साथ सार्थक और उसकी पत्नी शीतल को भी सम्मानित किया गया है। उसके पास सवा करोड़ रुपए की रेंज रोवर कार भी मिली है। गिरफ्तार होने से पहले उसने अपने मोबाइल फोन का डाटा डिलीट कर दिया था, जिसे पुलिस ने रिकवर कर लिया है। इसमें उसके नशा करते और रंगरेलियां मनाते हुए फोटो मिले हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post