कोरोना काल में यूपी सरकार की बिगड़ी छवि को लेकर संघ के साथ बीजेपी का मंथन


कोरोना काल में उत्तर प्रदेश के हालातों को लेकर बीजेपी व राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नेतृत्व के बीच मंथन हुआ है। कोरोना की दूसरी लहर के बीच लोगों में यूपी सरकार के प्रति नाराजगी को देखते हुए इस बैठक को अहम माना जा रहा है। उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा के चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में बीजेपी और संघ ने अपने संगठन को मजबूत करने के साथ ही सरकार के स्तर पर भी छवि सुधारने के प्रयास शुरू करने पर चर्चा की है।

 

विधानसभा चुनाव के लिहाज से उत्तर प्रदेश सबसे बड़ा राज्य है ही, साथ ही लोकसभा के लिए भी महत्वपूर्ण है। लोकसभा के सबसे ज्यादा 80 सांसद उत्तर प्रदेश से आते हैं। यदि 2022 में बीजेपी सत्ता में वापसी करती है तो फिर मिशन 2024 भी उसके लिए बहुत कठिन नहीं होगा।

 

सूत्रों के मुताबिक यूपी की स्थिति पर हुई बैठक में पीएम नरेंद्र मोदी के अलावा गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, आरएसएस के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले मौजूद थे। उत्तर प्रदेश बीजेपी के संगठन मंत्री सुनील बंसल भी मीटिंग में शामिल थे। कोरोना महामारी से उत्तर प्रदेश बुरी तरह से प्रभावित राज्यों में एक है, जहां गंगा में तैरती लाशों ने डरावना दृश्य प्रस्तुत किया है। बीजेपी ने आलोचना से सचेत होकर और महामारी की दूसरी लहर के बाद अपने कार्यकर्ताओं से सेवा करने के लिए खुद को समर्पित करने का आग्रह किया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post