यूपी: बेटे की मौत के महीने भर बाद भी FIR नहीं लिखा सके बीजेपी विधायक


उत्तर प्रदेश में हरदोई की संडीला विधानसभा सीट से बीजेपी के विधायक राजकुमार अग्रवाल के बेटे की एक महीना पहले कोरोना से मौत हुई थी, लेकिन अब तक वह इस मामले में एफ़आईआर तक दर्ज नहीं करा सके हैं।

 

विधायक राजकुमार अग्रवाल के पुत्र आशीष अग्रवाल की उम्र 30 साल थी। आशीष स्थानीय अथर्व अस्पताल में भर्ती थे, जहां बताया जाता है कि ऑक्सीजन की कमी के कारण उनकी मृत्यु हो गई थी। परिवार के लोग ऑक्सीजन का भरा हुआ सिलेंडर लेकर अस्पताल के बाहर बैठे रहे थे लेकिन काफी देर तक निवेदन करने के बाद भी अस्पताल वालों ने ऑक्सीजन नहीं ली और आशीष की मौत हो गई। यह घटना 25 अप्रैल की है। आशीष अग्रवाल ख़ुद भी बीजेपी के नेता थे और एक सरकारी संस्था के निदेशक थे।

 

विधायक अग्रवाल ने अथर्व अस्पताल के प्रबंधन को अपने बेटे की मौत का जिम्मेदार ठहराया और स्थानीय काकोरी थाने में तहरीर भी दी। तहरीर में बेटे के इलाज में लापरवाही करने और षड्यंत्र रचने का आरोप लगाया था। एक महीना पूरा हो चुका है, बीजेपी विधायक राजकुमार अग्रवाल अस्पताल प्रबंधन के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज कराने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा चुके हैं। कार्रवाई तो छोड़िए, एफ़आईआर तक दर्ज नहीं हो पाई है। विधायक इस बारे में मुख्यमंत्री, चिकित्सा मंत्री, डीएम लखनऊ से भी कई बार गुहार लगा चुके हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post