पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक गौरी शंकर दत्ता का कोलकाता के एक निजी अस्पताल में कोरोना वायरस के कारण निधन हो गया। 70 वर्षीय दत्ता 10 दिन पहले कोविड-19 से संक्रमित पाए गए थे और उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तृणमूल कांग्रेस से टिकट नहीं मिलने पर पिछले 10 मार्च को वह भाजपा में शामिल हो गए थे। दत्ता 2016 के विधानसभा चुनाव में नादिया जिले के तेहत्ता क्षेत्र से निर्वाचित हुए थे।
कोरोना वायरस की दूसरी लहर आने के बाद से पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के एक विधायक समेत चुनाव मैदान में उतरे तीन प्रत्याशियों की मौत कोरोना संक्रमण के कारण हो चुकी है। निर्वाचन आयोग ने शमशेरगंज और जंगीपुरा विधानसभा सीट पर मतदान स्थगित कर दिया है।
