लगातार दूसरे महीने भी भारतीय क्रिकेटर के नाम रहा ICC प्लेयर ऑफ द मंथ

भारतीय ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने इस बार ICC प्लेयर ऑफ द मंथ में बजी मारी। लगातार दूसरे महीने किसी भारतीय क्रिकेटर ने यह अवॉर्ड जीता है। जनवरी में ऋषभ पंत प्लेयर ऑफ द मंथ चुने गए थे। अश्विन ने अवॉर्ड के लिए होड़ में मौजूद इंग्लैंड के कप्तान जो रूट और वेस्टइंडीज के युवा बल्लेबाज काइल मायर्स को पीछे छोड़ा है।

इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में 34 साल के अश्विन ने बैट और बॉल दोनों ने अहम भूमिका निभाई थी। सीरीज में उन्होंने कुल 32 विकेट लिए और एक सैकड़ा भी जमाया था। इस सीरीज के तीन टेस्ट मैच फरवरी में खेले गए थे, जिनमें अश्विन ने 15.70 की औसत से 24 विकेट लिए थे। इन टेस्ट मैचों में उन्होंने 35.20 की औसत से 176 रन भी बनाए थे। इसमें चेन्नई में हुए दूसरे टेस्ट मैच में 106 रनों की बेहतरीन शतकीय पारी भी शामिल थी।

शतकीय पारी ने भी अवॉर्ड जीतने में मदद की
ICC वोटिंग एकेडमी के रिप्रजेंटेटिव और वेस्टइंडीज के पूर्व फास्ट बॉलर इयान बिशप ने कहा, ‘अश्विन के लगातार अच्छे प्रदर्शन की बदौलत भारतीय टीम ने महत्वपूर्ण सीरीज में इंग्लैंड को हराया। यह ठीक है कि परिस्थितियां उनकी गेंदबाजी के अनुकूल थीं, लेकिन उनके जोरदार खेल को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है। इसके अलावा दूसरे टेस्ट मैच में उन्होंने बेहतरीन शतक जमाकर इंग्लैंड को मैच से पूरी तरह बाहर कर दिया था।’

वुमंस कैटेगरी में इंग्लैंड की ब्यूमाउंट को अवॉर्ड
वुमंस कैटेगरी में इंग्लैंड की ओपनर टैमी ब्यूमाउंट ने फरवरी महीने के लिए प्लेयर ऑफ द मंथ का अवॉर्ड जीता है। ब्यूमाउंट ने न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में 231 रन बनाए थे। उन्होंने सभी मैचों में 50 प्लस का स्कोर बनाया था। ब्यूमाउंट में होड़ में मौजूद अपनी ही देश की नताली स्कीवर और न्यूजीलैंड की ब्रूक हालिडे को पीछे छोड़ा है।

 ICC प्लेयर ऑफ द मंथ का अवॉर्ड जनवरी से ही शुरू हुआ है। तब ऋषभ पंत ने इंग्लैंड के जो रूट और आयरलैंड के पॉल स्टर्लिंग को पीछे छोड़ा था। इस तरह रूट लगातार दूसरे महीने नॉमिनेट होने के बावजूद अवॉर्ड नहीं जीत पाए। उन्हें भारत के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में दोहरा शतक जमाने के लिए नॉमिनेट किया गया था।

 

 

Post a Comment

أحدث أقدم